Bithan Samachar : बिथान में करेह नदी तटबंध पर 7 मीटर चौड़ी सड़क को लेकर मुख्यमंत्री से मिले विधायक, विकास की उम्मीद मजबूत
![]() |
| बिथान प्रखंड में करेह नदी के तटबंध पर 7 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण की मांग को लेकर विधायक राजकुमार राय ने की पहल |
✍️ बिथान | विशेष रिपोर्ट
वर्ष 2026 हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। नव वर्ष के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक राजकुमार राय ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उन्हें नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं और साथ ही बिथान प्रखंड से होकर गुजरने वाली करेह नदी के दोनों तटबंधों पर 7 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण की बहुप्रतीक्षित मांग को मजबूती से रखा।
विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि करेह नदी के पूर्वी और पश्चिमी तटबंधों पर पक्की और चौड़ी सड़क नहीं होने के कारण क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। प्रस्ताव के तहत खगड़िया जिले के फूलतोड़ा पुल से बिथान प्रखंड के ठठेरवा, सखवा, राजघाट, कलहुआ घाट होते हुए दरभंगा जिले के हायाघाट तक 7 मीटर (लगभग 23 फीट) चौड़ी कालिकृत सड़क निर्माण की मांग रखी गई है। इसके अलावा दर्जिया फुहिया पुल से लड़झा घाट, राजघाट, कलहुआ घाट होते हुए सिरनियाँ तक तटबंध पर भी 7 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण का प्रस्ताव दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के इस निर्देश से वर्षों से लंबित इस योजना के जल्द धरातल पर उतरने की उम्मीद और प्रबल हो गई है।
गौरतलब है कि तटबंध पर सड़क निर्माण की मांग को स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से उठाया जाता रहा है। जिससे यह मामला प्रशासन और सरकार के संज्ञान में आया। अब विधायक की पहल और सरकार के सकारात्मक रुख से क्षेत्रवासियों में खुशी और भरोसा दोनों देखने को मिल रहा है।
🚜 क्षेत्र को होंगे ये बड़े फायदे
7 मीटर चौड़ी सड़क बनने से बिथान और आसपास के इलाकों को दरभंगा, सहरसा, खगड़िया और नेपाल तक सीधी और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी। भारी वाहनों का आवागमन आसान होगा, जिससे व्यापार, कृषि उत्पादों की ढुलाई और स्थानीय बाजारों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही दरभंगा मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और अन्य शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच भी सरल हो जाएगी। सड़क निर्माण से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
😊 लोगों में खुशी, जल्द काम शुरू होने की उम्मीद
सड़क निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को अब गति मिलने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों ने विधायक राजकुमार राय के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा और इस परियोजना से आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
रिपोर्ट : आकाश कुमार, बिथान समाचार (Bithan Samachar)

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें