Bithan Samachar : 1100 कन्याओं की भव्य शोभायात्रा के साथ बिथान में 24 लाख जप गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ
1100 कन्याओं की भव्य शोभायात्रा के साथ बिथान में गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ। बिथान ( समस्तीपुर) : गायत्री प्रज्ञा पीठ बिथान के तत्वावधान में मंगलवार को बिथान नगर में 24 लाख गायत्री मंत्र जप वाले भव्य गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ हुआ। महायज्ञ की शुरुआत 1100 कन्याओं की भव्य शोभायात्रा से की गई, जिसने पूरे नगर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। शोभायात्रा का प्रारंभ गायत्री मंदिर परिसर से हुआ, जो बिथान बाजार, गोलंबर चौक, थाना रोड, दुर्गा मंदिर रोड, स्टेशन रोड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। सिर पर कलश धारण किए पारंपरिक वेशभूषा में सजी 1100 कन्याओं की अनुशासित कतारें, ढोल-नगाड़ों की मधुर ध्वनि और गायत्री मंत्रों के सामूहिक उच्चारण से पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। गायत्री मंदिर परिसर में आज से चार दिवसीय 24 लाख जप अनुष्ठान की भी शुरुआत हो गई है, जो 1 जनवरी से 4 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन मंत्र जप, यज्ञ, साधना, प्रव...