![]() |
| बिथान बाजार के पास स्थित गाँधी मैदान में गंदगी। |
बिथान (समस्तीपुर) :
स्थानीय बिथान बाजार स्थित गाँधी मैदान इन दिनों बदहाली और गंदगी का पर्याय बनता जा रहा है। यह मैदान न केवल बिथान बल्कि आसपास की पंचायतों के बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों के लिए एकमात्र सार्वजनिक खेल व व्यायाम स्थल है। बड़े और पर्याप्त खेल मैदानों की कमी के कारण दूर-दराज के बच्चे भी यहीं खेलने आते हैं। इसके अलावा सुबह-सबेरे सिपाही भर्ती, आर्मी, होमगार्ड और दारोगा भर्ती की तैयारी कर रहे सैकड़ों अभ्यर्थी इसी मैदान में दौड़ अभ्यास करते नजर आते हैं।
हालांकि, मैदान की मौजूदा हालत इन युवाओं और आम लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। चारों ओर फैली गंदगी, प्लास्टिक कचरा और मैदान के किनारे बहाया जा रहा गंदा पानी न केवल वातावरण को दूषित कर रहा है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बनता जा रहा है। सुविधाओं के अभाव और गंदगी से परेशान कई अभ्यर्थी मजबूरी में बिथान के अन्य हिस्सों की सड़कों पर दौड़ लगाने को विवश हैं, जबकि कुछ निजी खर्च पर खेतों में अस्थायी ट्रैक बनाकर अभ्यास कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बिथान बाजार का यह एकमात्र सार्वजनिक मैदान है, जहां लोग सुबह-शाम टहलने, बच्चों के खेलने और युवाओं के अभ्यास के लिए आते हैं, लेकिन आसपास के कुछ लोग यहीं कचरा फेंककर इसकी स्थिति और खराब कर रहे हैं। स्थानीय युवकों द्वारा कई बार समझाने और अपील करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल सका। पूर्व में प्रशासन की चेतावनी के बाद कुछ समय तक स्थिति में सुधार जरूर हुआ, लेकिन अब फिर से लापरवाही बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि अब केवल समझाइश से काम नहीं चलेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गाँधी मैदान में गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका मानना है कि यदि एक-दो बार कड़ी कार्रवाई होती है, तो सार्वजनिक स्थल को गंदा करने की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी। लोगों ने बीडीओ और सीओ से अपील की है कि वे त्वरित और कठोर कदम उठाएं, ताकि मैदान स्वच्छ रहे और बच्चों व युवाओं को सुरक्षित माहौल मिल सके।
रिपोर्ट: आकाश कुमार, बिथान समाचार (Bithan Samachar)

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें