Encroachment & Traffic Jam : अतिक्रमण और जाम से बेहाल बिथान बाजार, रेंगने लगी प्रखंड की लाइफलाइन सड़क
![]() |
| बिथान बाजार की मुख्य सड़क पर अतिक्रमण के कारण रोजाना लगने वाला जाम। |
बिथान (समस्तीपुर) :
प्रखंड क्षेत्र का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र बिथान बाजार इन दिनों अतिक्रमण और रोजाना लगने वाले जाम की समस्या से बुरी तरह जूझ रहा है। बाजार की मुख्य सड़क, जिसे प्रखंड की लाइफलाइन कहा जाता है, अब अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। हालात ऐसे हो चुके हैं कि वाहनों की रफ्तार थम गई है और सड़क पर चलना मानो किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार क्षेत्र में सड़कों के दोनों किनारों पर दुकानदारों द्वारा सामान फैलाकर रखना आम बात हो गई है। कई जगहों पर अस्थायी दुकानें, ठेले और गुमटियां सड़क पर ही सजी रहती हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। नतीजा यह है कि जरा सी भी भीड़ बढ़ते ही जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। दो पहिया और चार पहिया वाहनों का आमना-सामना होते ही लंबी कतारें लग जाती हैं।
पैदल चलने वालों की परेशानी और भी अधिक है। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोग, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग जाम और अतिक्रमण के बीच रास्ता तलाशते नजर आते हैं। कई स्थानों पर सड़क किनारे पशुओं को बांध दिया गया है, तो कहीं मवेशी बीच सड़क पर बैठे रहते हैं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।
बाजार से जुड़ी अन्य प्रमुख सड़कों की हालत भी कुछ अलग नहीं है। प्रखंड के विभिन्न इलाकों को जोड़ने वाली ये सड़कें अतिक्रमण के कारण संकरी हो चुकी हैं। जाम के चलते एंबुलेंस, स्कूल वाहन और अन्य आपात सेवाओं को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार कुछ ही किलोमीटर की दूरी तय करने में आधे घंटे से अधिक समय लग जाता है।
इस गंभीर समस्या को लेकर हाल ही में आयोजित प्रखंड बीस सूत्री और पंचायत समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने आवाज उठाई थी। बैठक में अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग रखी गई, लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर कोई ठोस पहल होती नहीं दिख रही है।
अंचल कार्यालय बिथान की ओर से बताया गया है कि बाजार और मुख्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इसके लिए सड़क निर्माण की कार्यकारी एजेंसी से सड़कों का नक्सा मांगा गया है, ताकि वास्तविक स्थिति के अनुसार कार्रवाई की जा सके। नक्सा उपलब्ध होते ही अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने की बात कही जा रही है।
अब सवाल यह है कि प्रशासन की यह कवायद कब अमल में आएगी और बिथान बाजार की लाइफलाइन सड़क को अतिक्रमण व जाम की समस्या से कब राहत मिलेगी। स्थानीय लोग जल्द ठोस कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
रिपोर्ट: आकाश कुमार, बिथान समाचार (Bithan Samachar)

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें