सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

Bithan Samachar: समस्तीपुर में कड़ाके की ठंड का कहर, 3 जनवरी तक बंद रहेंगे सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र, DM का आदेश जारी

 

Samastipur DM order school closed till 3 January 2026
"समस्तीपुर जिलाधिकारी द्वारा जारी आधिकारिक आदेश की प्रति"।

बिथान (समस्तीपुर) :

समस्तीपुर जिले में लगातार बढ़ती ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह से लेकर दोपहर तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो पा रहे हैं, जिससे ठंड का असर और अधिक बढ़ गया है। ऐसे हालात में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रौशन कुशवाहा, जिलाधिकारी समस्तीपुर ने जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों (वर्ग 1 से 8 तक) के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को 3 जनवरी 2026 तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।

जिलाधिकारी द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि ठंड और कोहरे के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। खासकर सुबह के समय तापमान में भारी गिरावट और दृश्यता कम होने के कारण बच्चों का विद्यालय जाना जोखिम भरा साबित हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी ठंड के प्रकोप को देखते हुए 22 दिसंबर को एक आदेश जारी कर 23 दिसंबर से 27 दिसंबर तक सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, इसके बाद भी मौसम में कोई खास सुधार नहीं हुआ। बल्कि 28 दिसंबर के बाद ठंड और कोहरे की स्थिति और गंभीर हो गई। इसी कारण 29 दिसंबर से 3 जनवरी 2026 तक पुनः विद्यालय बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

इस आदेश के अनुपालन को लेकर जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालयों में इसका सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन पर भी निगरानी रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी स्तर पर आदेश की अवहेलना न हो।

लगातार पड़ रही ठंड ने न सिर्फ बच्चों, बल्कि बुजुर्गों और बीमार लोगों की परेशानी भी बढ़ा दी है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हो रहा है। ऐसे में प्रशासन द्वारा लिया गया यह निर्णय अभिभावकों के लिए भी राहत भरा माना जा रहा है।

कुल मिलाकर, जिले में बढ़ती ठंड के बीच प्रशासन का यह कदम बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा की दृष्टि से सराहनीय है। अब सभी की निगाहें मौसम के सुधरने और हालात सामान्य होने पर टिकी हुई हैं, ताकि नए साल की शुरुआत के साथ ही शैक्षणिक गतिविधियां फिर से सुचारु रूप से शुरू हो सकें।


रिपोर्ट: आकाश कुमार , बिथान समाचार ( Bithan Samachar) 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

उजान गांव से अवैध देसी शराब के साथ एक युवक गिरफ्तार

              बिथान थाना के मुख्य द्वार की फाइल फोटो बिथान: बिथान थाना क्षेत्र के उजान गांव में शुक्रवार को पुलिस ने अवैध देसी शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उजान गांव निवासी सुनील कुमार, पिता रामदेव बिंद के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिथान थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि उजान गांव में अवैध रूप से देसी शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद बिथान थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र राजू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके से 12 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया और शराब को जब्त कर लिया गया। थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र राजू ने बताया कि बिहार सरकार की पूर्ण शराबबंदी नीति के तहत अवैध शराब के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक ह...

IMPACT OF NEWS : बिथान बाजार के गाँधी मैदान में शुरू हुआ सफाई अभियान, युवाओं में दिखा उत्साह

बिथान बाजार स्थित गाँधी मैदान में पंचायत द्वारा चलाया जा रहा सफाई अभियान। बिथान (समस्तीपुर) :  प्रखंड मुख्यालय स्थित गाँधी मैदान में लंबे समय से व्याप्त गंदगी को लेकर उठी आवाज़ का असर अब ज़मीन पर दिखने लगा है। बुधवार से गाँधी मैदान में विधिवत रूप से सफाई अभियान की शुरुआत कर दी गई है। बिथान पंचायत की ओर से सफाई गाड़ी और मजदूरों को मैदान में लगाया गया, जिन्होंने वर्षों से जमा कचरे, प्लास्टिक और अन्य गंदगी को हटाने का काम शुरू किया है। गाँधी मैदान बिथान बाजार का एक प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां प्रतिदिन स्थानीय लोग टहलने आते हैं। इसके साथ ही युवा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र और आसपास के पंचायतों से आने वाले खिलाड़ी भी नियमित रूप से अभ्यास करते हैं। गंदगी और अव्यवस्था के कारण लंबे समय से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सफाई अभियान शुरू होते ही स्थानीय युवाओं और छात्रों में उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि मैदान की साफ-सफाई से न सिर्फ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं कम होंगी, बल्कि यह स्थान पढ़ाई और खेल अभ्यास के लिए भी बेहतर माहौल प्...

बिहार पंचायत चुनाव 2026 : बदलेगा आरक्षण रोस्टर, समय पर होंगे चुनाव

              मतदान केंद्र के बाहर मतदान के लिए पंक्ति में खड़े मतदाता। (फाइल फोटो) बिथान :  बिहार पंचायत राज चुनाव 2026 को लेकर लंबे समय से चली आ रही असमंजस की स्थिति अब लगभग समपत हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि बिहार में पंचायत चुनाव वर्ष 2026 में समय पर ही कराए जाएंगे और चुनाव प्रक्रिया में आरक्षण नियमों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। आयोग के इस स्पष्टीकरण के बाद पंचायत चुनाव को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने यह भी साफ कर दिया है कि पंचायत राज अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक दो चुनाव के बाद आरक्षण रोस्टर में बदलाव किया जाता है, और इस बार होने वाले पंचायत चुनाव में आरक्षण रोस्टर बदलेगा। आयोग के इस निर्णय का असर राज्य भर के साथ-साथ बिथान प्रखंड क्षेत्र में भी देखने को मिलेगा। आरक्षण रोस्टर में बदलाव के कारण कई वर्तमान और पूर्व प्रत्याशियों को बड़ा झटका लग सकता है। जिन सीटों पर वे पिछले चुनावों में भाग लेते रहे हैं, वे सीटें इस बार आरक्षित हो जाने या आरक्षण की श्रेणी बदलने के कारण उनके लिए...