मध्य विद्यालय बिथान में पीएम पोषण योजना का अनुश्रवण, पंचायत समिति सदस्य ने किया भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण
मध्य विद्यालय बिथान में अनुश्रवण करते पंसस राहुल कुमार
बिथान :
मध्य विद्यालय बिथान के प्रांगण में बिथान पंचायत समिति सदस्य राहुल कुमार द्वारा विद्यालय में संचालित प्रधानमंत्री पोषण योजना का गहन अनुश्रवण एवं अनुश्रवणार्थन किया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को परोसे जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, समयबद्धता तथा पोषण मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय विद्यालय परिसर में अनुशासन एवं सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
पंचायत समिति सदस्य राहुल कुमार ने विद्यालय के रसोईघर का निरीक्षण करते हुए भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, उपयोग में लाए जा रहे खाद्यान्न की गुणवत्ता, बर्तनों की साफ-सफाई तथा भोजन परोसने की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं तैयार भोजन को चखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की और इसके पश्चात बच्चों को भोजन परोसे जाने की प्रक्रिया को भी देखा। भोजन की गुणवत्ता पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया, साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
राहुल कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री पोषण योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराना है, ताकि बच्चों की उपस्थिति बढ़े और उनका शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास बेहतर हो सके। उन्होंने विद्यालय प्रशासन एवं रसोई कर्मियों को निर्देश दिया कि भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और समय पर वितरण पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे योजना का वास्तविक लाभ बच्चों तक पहुंचे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री मुशहरू पंडित ने योजना के संचालन से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप नियमित रूप से बच्चों को मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही भोजन तैयार किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय प्रशासन बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर पूरी तरह सजग है।
निरीक्षण के दौरान शिक्षक बालविजय कुमार, राजकिशोर राय सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित थे। सभी शिक्षकों ने प्रधानमंत्री पोषण योजना के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में पंचायत समिति सदस्य राहुल कुमार ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार बेहतर कार्य करने की अपेक्षा जताई।
रिपोर्ट - बिथान संवाददाता
