हसनपुर विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक राजकुमार राय का भव्य नागरिक अभिनंदन, समस्याओं के समाधान का दिलाया भरोसा
हसनपुर में नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित करते नवनिर्वाचित विधायक राजकुमार राय
बिथान (समस्तीपुर) :
हसनपुर विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक राजकुमार राय का भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह हसनपुर स्थित न्यू इंडिया सुगर मिल्स 10+2 उच्च विद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के बिथान, हसनपुर एवं सिंघिया प्रखंड से बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने समारोह को ऐतिहासिक स्वरूप दे दिया।
समारोह के दौरान विधायक राजकुमार राय का फूल-मालाओं एवं अंगवस्त्र से जोरदार स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हसनपुर विधानसभा की जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली हर समस्या के समाधान के लिए वे पूरी गंभीरता और ईमानदारी से काम करेंगे।
विधायक ने जानकारी दी कि वे बीस सूत्री कार्यक्रम के तहत हसनपुर की बैठक में शामिल हो चुके हैं तथा आगामी 23 दिसंबर को बिथान में होने वाली बैठक में भी भाग लेंगे। इन बैठकों में जो भी जनसमस्याएं सामने आएंगी, उनके त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को भी स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में खरमास चल रहा है, इसलिए शुभ कार्यों की शुरुआत मकर संक्रांति के बाद की जाएगी। इसके पश्चात वे माननीय मुख्यमंत्री एवं संबंधित मंत्रियों से मिलकर हसनपुर विधानसभा की प्रमुख समस्याओं को उनके समक्ष रखेंगे और ठोस समाधान की दिशा में पहल करेंगे।
विधायक राजकुमार राय ने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर एनडीए की सरकार है। सांसद राजेश वर्मा भी जनता के अपने प्रतिनिधि हैं और वे स्वयं भी क्षेत्र की सेवा के लिए सदैव उपलब्ध रहेंगे। बड़े और छोटे भाई की तरह मिलकर वे हसनपुर विधानसभा के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगे।
समारोह में वरिष्ठ जदयू नेता विजय यादव, हसनपुर जदयू अध्यक्ष संजीव कुशवाहा, बिथान जदयू अध्यक्ष कैलाश राय, सांसद प्रतिनिधि बैधनाथ झा, भाजपा नेता सिकंदर आलम, हर्षवर्धन यादव, चंदन यादव सहित एनडीए के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह उत्साह, एकजुटता और विकास के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
रिपोर्ट - बिथान संवाददाता
