सुबह के वक्त बिथान स्टेशन पर इंतजार करते यात्री
👉 सुबह की पैसेंजर नहीं तो अधूरा है रेल लाभ
बिथान :
हसनपुर–सकरी नई रेल लाइन के अंतर्गत बिथान स्टेशन से सुबह के समय समस्तीपुर की ओर पैसेंजर ट्रेन के परिचालन की मांग अब तेज होती जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों, छात्रों और यात्रियों का कहना है कि सुबह में सीधी पैसेंजर ट्रेन नहीं होने के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार वर्तमान में बिथान स्टेशन से गाड़ी संख्या 75252 सुबह करीब 6 बजे खगड़िया की ओर रवाना होती है। इस कारण समस्तीपुर, दरभंगा तथा जिला मुख्यालय की ओर जाने वाले यात्रियों को सीधे रेल सुविधा नहीं मिल पा रही है। मजबूरी में यात्रियों को सड़क मार्ग या अन्य महंगे साधनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।
ग्रामीणों एवं यात्रियों का कहना है कि बिथान से समस्तीपुर जिला मुख्यालय, अनुमंडल कार्यालय, कोर्ट-कचहरी, कॉलेज, कोचिंग संस्थान और बड़े अस्पताल जाने के लिए सुबह की पैसेंजर ट्रेन अत्यंत आवश्यक है। खासकर छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों के लिए सुबह का समय सबसे महत्वपूर्ण होता है, लेकिन रेल सुविधा के अभाव में उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
उल्लेखनीय है कि सांसद राजेश वर्मा के प्रयास से बिथान स्टेशन से रेल परिचालन की शुरुआत हुई थी, जिससे क्षेत्र के लोगों में काफी उम्मीद जगी थी। हालांकि, सुबह में समस्तीपुर-दरभंगा की ओर सीधी पैसेंजर ट्रेन नहीं चलने से लोगों को अभी भी इस रेल लाइन का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय युवाओं ने करीब दो महीने पूर्व सांसद राजेश वर्मा को पत्र लिखकर इस समस्या से अवगत कराया है। पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि बिथान स्टेशन से समस्तीपुर और दरभंगा की ओर सुबह में नियमित पैसेंजर ट्रेन का परिचालन शुरू कराया जाए, ताकि आम जनता को सुविधा मिल सके।
युवाओं और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सुबह की पैसेंजर ट्रेन शुरू होती है तो न केवल बिथान, बल्कि खगड़िया, बेगूसराय, उजियारपुर और समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। लोगों को उम्मीद है कि रेलवे नव वर्ष में संशोधित समय सारिणी जारी करते समय इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा।
रिपोर्ट : बिथान संवाददाता
