सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

बिथान में सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता को लेकर बीस सूत्री की बैठक, अतिक्रमण और कालाबाजारी पर सख्त रुख

बिथान प्रखंड कार्यालय में आयोजित बीस सूत्री कार्यक्रम की बैठक
बिथान प्रखंड कार्यालय में बीस सूत्री की बैठक

 बिथान (समस्तीपुर): 

प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार भवन में मंगलवार को प्रखंड बीस सूत्री कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष ने की, जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी आफताब आलम की मौजूदगी रही। मुख्य अतिथि के रूप में हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजकुमार राय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत मिथिला परंपरा के अनुरूप पुष्पमाला, पुष्पगुच्छ एवं चादर भेंट कर किया गया।

बैठक के दौरान बीस सूत्री सदस्यों एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के बीच बिथान बाजार में बढ़ते अतिक्रमण, रोजाना लगने वाले जाम, उर्वरकों की किल्लत, स्वच्छता व्यवस्था की बदहाली तथा सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता को लेकर गंभीर चर्चा हुई। सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि बाजार में अवैध अतिक्रमण ही जाम की मूल वजह है, जिसे अविलंब हटाया जाना चाहिए।

बीस सूत्री सदस्यों द्वारा उठाए गए सवालों का संबंधित विभागीय अधिकारियों ने क्रमवार जवाब दिया। कुछ मामलों में उत्तर संतोषजनक पाए गए, जबकि शेष बिंदुओं पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने जांच के बाद दोषियों पर विधि-सम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में यूरिया व डीएपी खाद की कालाबाजारी का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सदस्य विजय निषाद ने आरोप लगाया कि गोदाम में उपलब्धता के बावजूद खाद ऊंचे दामों पर बेची जा रही है।

इस पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी जयजंत रजक ने बताया कि लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है और दोषी विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। वहीं गांधी मैदान स्थित निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स को अतिक्रमण मुक्त कर पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किराये पर देने, उर्वरक जमाखोरी पर रोक लगाने तथा किसान सलाहकारों को दस दिनों के भीतर पंचायतों में स्थानांतरित करने की मांग भी उठाई गई।

एमएलसी प्रतिनिधि अरविंद कुमार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर जनआंदोलन की चेतावनी दी। अंचल अधिकारी रूबी कुमारी ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर निरीक्षण किया जा रहा है और जल्द ही सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अंत में विधायक राजकुमार राय ने दो टूक शब्दों में कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी और लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिथान बाजार को हर हाल में अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा और सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ वास्तविक लाभुकों तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में प्रखंड के सभी संबंधित पदाधिकारी एवं बीस सूत्री सदस्य मौजूद रहे।

रिपोर्ट - बिथान समाचार संवाददाता

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

उजान गांव से अवैध देसी शराब के साथ एक युवक गिरफ्तार

              बिथान थाना के मुख्य द्वार की फाइल फोटो बिथान: बिथान थाना क्षेत्र के उजान गांव में शुक्रवार को पुलिस ने अवैध देसी शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उजान गांव निवासी सुनील कुमार, पिता रामदेव बिंद के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिथान थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि उजान गांव में अवैध रूप से देसी शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद बिथान थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र राजू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके से 12 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया और शराब को जब्त कर लिया गया। थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र राजू ने बताया कि बिहार सरकार की पूर्ण शराबबंदी नीति के तहत अवैध शराब के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक ह...

IMPACT OF NEWS : बिथान बाजार के गाँधी मैदान में शुरू हुआ सफाई अभियान, युवाओं में दिखा उत्साह

बिथान बाजार स्थित गाँधी मैदान में पंचायत द्वारा चलाया जा रहा सफाई अभियान। बिथान (समस्तीपुर) :  प्रखंड मुख्यालय स्थित गाँधी मैदान में लंबे समय से व्याप्त गंदगी को लेकर उठी आवाज़ का असर अब ज़मीन पर दिखने लगा है। बुधवार से गाँधी मैदान में विधिवत रूप से सफाई अभियान की शुरुआत कर दी गई है। बिथान पंचायत की ओर से सफाई गाड़ी और मजदूरों को मैदान में लगाया गया, जिन्होंने वर्षों से जमा कचरे, प्लास्टिक और अन्य गंदगी को हटाने का काम शुरू किया है। गाँधी मैदान बिथान बाजार का एक प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां प्रतिदिन स्थानीय लोग टहलने आते हैं। इसके साथ ही युवा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र और आसपास के पंचायतों से आने वाले खिलाड़ी भी नियमित रूप से अभ्यास करते हैं। गंदगी और अव्यवस्था के कारण लंबे समय से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सफाई अभियान शुरू होते ही स्थानीय युवाओं और छात्रों में उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि मैदान की साफ-सफाई से न सिर्फ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं कम होंगी, बल्कि यह स्थान पढ़ाई और खेल अभ्यास के लिए भी बेहतर माहौल प्...

बिहार पंचायत चुनाव 2026 : बदलेगा आरक्षण रोस्टर, समय पर होंगे चुनाव

              मतदान केंद्र के बाहर मतदान के लिए पंक्ति में खड़े मतदाता। (फाइल फोटो) बिथान :  बिहार पंचायत राज चुनाव 2026 को लेकर लंबे समय से चली आ रही असमंजस की स्थिति अब लगभग समपत हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि बिहार में पंचायत चुनाव वर्ष 2026 में समय पर ही कराए जाएंगे और चुनाव प्रक्रिया में आरक्षण नियमों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। आयोग के इस स्पष्टीकरण के बाद पंचायत चुनाव को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने यह भी साफ कर दिया है कि पंचायत राज अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक दो चुनाव के बाद आरक्षण रोस्टर में बदलाव किया जाता है, और इस बार होने वाले पंचायत चुनाव में आरक्षण रोस्टर बदलेगा। आयोग के इस निर्णय का असर राज्य भर के साथ-साथ बिथान प्रखंड क्षेत्र में भी देखने को मिलेगा। आरक्षण रोस्टर में बदलाव के कारण कई वर्तमान और पूर्व प्रत्याशियों को बड़ा झटका लग सकता है। जिन सीटों पर वे पिछले चुनावों में भाग लेते रहे हैं, वे सीटें इस बार आरक्षित हो जाने या आरक्षण की श्रेणी बदलने के कारण उनके लिए...